ट्रें​डिंगदेश

मणिपुर फायरिंग में पुलिस अधिकारी की हत्या, लगा कर्फ्यू, 44 लोग हिरासत में

नई दिल्ली। मणिपुर के इंफाल में बुधवार शाम को फायरिंग हुई। जिसमें अभी तक किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। फायरिंग के बाद पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है और सुरक्षाबल इलाके की तलाशी कर रहे हैं।

इससे पहले, दोपहर में मणिपुर पुलिस ने 44 लोगों को हिरासत में लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें से 32 लोग म्यांमार के नागरिक हैं। इन पर एक दिन पहले टेंग्नौपाल जिले के मोरेह इलाके में पुलिस अधिकारी की हत्या और पुलिस कमांडो टीम पर हमला करने का आरोप है।

बता दें मणिपुर में मंगलवार को सुरक्षाबलों पर फायरिंग की दो घटनाएं हुईं। पहला मामला टेंग्नौपाल जिले के मोरेह इलाके का है, जिसमें एक पुलिस अफसर चिंगथाम आनंद कुमार की जान चली गई। पुलिस अधिकारी की मौत के बाद इलाके में तैनाती के लिए पुलिस की एक टीम भेजी गई, जिस पर फिर से हमला किया गया। हमले में 3 पुलिसकर्मी घायल हाे गए।

इन दो घटनाओं के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और पूछताछ के लिए संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया। मणिपुर में आरक्षण को लेकर कुकी और मैतेई समुदाय के बीच 3 मई से हिंसा शुरू हुई थी। हिंसा की घटनाओं में अब तक 180 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। वहीं 1100 से ज्यादा लोग घायल हैं।