राजनीति

क्या 2024 में ‘कल्याण’ करेंगे BJP की राह आसान?

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, कल्याण सिंह की पुण्यतिथि को भाजपा ने ‘हिंदू गौरव दिवस’ के रूप में, पूरी ताकत के साथ मनाया। अलीगढ़ में हुए इस भव्य आयोजन में अमित शाह, योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए। हजारों की संख्या में लोग भी जुटे और पार्टी ने कार्यक्रम को पूर्णत: सफल बताया।

लेकिन ये कार्यक्रम, स्वर्गीय कल्याण सिंह जी को श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं था। भाजपा ने इसके जरिए, लोध समुदाय से भी नजदीकी बढ़ाई है, जिसका ना केवल यूपी बल्कि मध्य प्रदेश की भी कई सीटों पर खासा दबदबा है। जहां एक ओर एमपी का चुनाव सामने है तो वहीं यूपी में भी, 14 लोकसभा सीटों पर लोध निर्णायक भूमिका में हैं।

बृज क्षेत्र और पश्चिमी यूपी में लोधी राजपूतों को साधे बिना जीत मुश्किल है। 2019 में भाजपा को यूपी की 16 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था और इन 16 में से 7 सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की थी। पश्चिमी यूपी में जाट मतदाता अभी भी पूरी तरह से भाजपा के साथ नहीं हैं, लिहाजा पार्टी OBC और ख़ास कर लोध मतदाताओं की लामबंदी में पूरी जान लगा रही है।

भाजपा ने 2024 में राज्य की सभी 80 सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। पार्टी जानती है कि इसके लिए उसे हर वर्ग… हर समुदाय का समर्थन हासिल करना होगा। पार्टी इसके लिए, पूर्वांचल से लेकर पश्चिम तक कोई कसर छोड़ती नहीं दिख रही। भाजपा रणनीतिक तरीके से आगे बढ़ रही है और यह रणनीति उसके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।