नई दिल्ली। INDIA गठबंधन की कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक से पहले भाजपा ने हमला बोला और पूरे गठबंधन को एंटी हिंदू कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक बताया। पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने 13 सितम्बर को एक प्रेस वार्ता की और कहा कि आज हिंदू कोऑर्डिनेशन कमेटी यानी एएचसीसी की बैठक है। किस प्रकार से हिंदू धर्म को समाप्त किया जाए, उसको लेकर 26 दल बैठने वाले हैं।
पात्रा ने आगे कहा कि गठबंधन के एक सदस्य ने कहा है कि भले ही 26 राजनीतिक दलों के बीच कितने भी अंतर हों, लेकिन सनातन धर्म को मिटाने को लेकर हम सब एक है। भाजपा नेता ने कहा कि ये बयान गलती से नहीं बल्कि सोच समझकर दिया गया है।
संबित पात्रा ने सोनिया गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब से सोनिया गांधी आई हैं, तब से हिंदुत्व के खिलाफ पूरे देश में माहौल बनाया जा रहा है। दरअसल, इनका मकसद हिंदुइज्म का मर्डर है। उन्होंने आगे कहा, सोनिया गांधी लाख कोशिश कर लें, हिंदू धर्म का बाल-बांका नहीं होगा.
पात्रा ने कहा, किसकी हिम्मत है जो सनातन को मिटा दे, प्रत्येक हिंदुस्तानी हिंदू धर्म की रक्षा के लिए शिवाजी बनकर खड़ा होगा. इसको कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा ऐलान करती है कि हम सब एक हैं और देश को बचाएंगे।
उद्धव ठाकरे के राम मंदिर को लेकर दिए बयान पर पात्रा ने कहा कि वे कहते हैं कि राम मंदिर बन जाने के बाद जब हिंदू ट्रेन से जाएंगे तो गोधरा जैसा कांड हो सकता है। इससे घृणित वाक्य नहीं हो सकता।

