ट्रें​डिंगदेश

मोदी सरकार का बड़ा ऐलान, 75 लाख गरीब महिलाओं को देगी मुफ्त गैस कनेक्शन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन इकनॉमिक अफेयर्स की बैठक में इस बार केंद्र सरकार ने उज्जवला 2.0 योजना की शुरुआत की। योजना के तहत 75 लाख LPG के मुफ्त कनेक्शन और दिए जाएंगे। अगले 3 वर्षों में ये LPG कनेक्शन उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं को मिलेंगे। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों को 1,650 करोड़ रुपये जारी करने के प्रस्ताव पर मंजूरी दे दी गई है।

सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज मंत्रीमंडल द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत 75 लाख एलपीजी कनेक्शन मुफ्त देने पर सहमति जताई गई है।

इसके साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं की संख्या 10.35 करोड़ हो जाएगी। 1,650 करोड़ रुपये की लागत से केंद्र सरकार इस योजना का विस्तार करेगी। यह राशि सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कंपनियों को जारी की जाएगी।

बता दें उज्ज्वला योजना की शुरुआत 2016 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई थी। इस योजना के तहत गरीब घर की महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन वितरित किए गए ​थे। उज्ज्वला योजना से पर्यावरण को भी बचाने का कार्य हुआ और महिलाओं के स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है।