नई दिल्ली। भाजपा के केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर का एक सनसनीखेज वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह किसी व्यक्ति से करोड़ों रुपए के लेन देन की बात कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से भी इस बात की शिकायत की है और नरेंद्र सिंह तोमर को केंद्रीय कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग की है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक प्रेस वार्ता कर मोदी सरकार पर निशाना साधा कि मोदी जी को ED-ED खेलने का बड़ा शौक़ है, लेकिन यहां सैकड़ों करोड़ों रुपये की रिश्वत की बात होती दिख रही है यहां ED, CBI और इनकम टैक्स को मानो सांप सूंघ गया हो।
बता दें देवेंद्र तोमर का ये वीडियो कांग्रेस नेताओं द्वारा शेयर किया गया है। वीडियो को लेकर दावा किया गया है कि कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर किसी व्यक्ति से 18 करोड़ रुपये से लेकर 100 करोड़ रुपये तक के लेन देन की बात कर रहे हैं। वीडियो में देवेंद्र तोमर से करोड़ों के अमाउंट के लिए अकाउंट मैनेज करने की बात की जा रही है। हालांकि इस वीडियो का सच क्या है ये जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

