चुनावट्रें​डिंग

Tripura Bypoll 2023: त्रिपुरा में फिर लहराया भगवा, उपचुनाव में दोनों सीटों पर भाजपा ने दर्ज की जीत

नई दिल्ली। भाजपा ने त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में बॉक्सानगर और धनपुर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल कर ली है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा के तफ्फजल हुसैन ने बॉक्सानगर विधानसभा सीट पर 30,237 वोटों से जीत दर्ज की। इस विधानसभा सीट पर करीब 66 प्रतिशत मतदाता अल्पसंख्यक हैं। तफ्फजल हुसैन ने 34,146 वोट हासिल किए जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी मिजान हुसैन को 3 हजार 909 वोट मिले।

भाजपा उम्मीदवार बिंदू देबनाथ ने धनपुर विधानसभा सीट पर 18,871 वोटों से जीत हासिल की। धनपुर विधानसभा सीट पर आदिवासी समुदाय का दबदबा है। उप-चुनाव में बिंदू देबनाथ ने 30,017 वोट हासिल किए और कम्युनिस्ट पार्टी के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले।

हालांकि, मतगणना के दौरान माकपा ने मतदान में बड़े पैमाने पर धांधली और चुनाव आयोग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए मतगणना का बायकॉट किया। दोनों सीटों पर त्रिपुरा में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा और माकपा के बीच ही मुकाबला था क्योंकि दो अन्य विपक्षी पार्टियों टिपरा मोथा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी नहीं उतारे थे।

गौरतलब है कि उपचुनाव के लिए बीते 5 सितंबर को मतदान हुआ था। दोनों विधानसभा सीटों पर औसतन 86.50 प्रतिशत मतदान हुआ था। कड़ी सुरक्षा के बीच सोनमुरा गर्ल्स स्कूल में वोटों की गिनती हुई। माकपा विधायक समसुल हक के निधन की वजह से बॉक्सानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ थ। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद यह सीट खाली हुई थी और इस पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।