
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव गेमिंग-बेटिंग ऐप मामले में 6 अक्टूबर को रायपुर, छत्तीसगढ़ कार्यालय में पेश होने के लिए समन भेजा है। जहां उनसे इस मामले में पूछताछ की जाएगी। लेकिन रणबीर कपूर ने ईडी से 2 सप्ताह का समय मांगा है।
इस मामले में रणबीर कपूर के अलावा कई और प्रसिद्ध लोगों के नाम शामिल हैं। जिनमें आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान, अली असगर, विशाल ददलानी, टाइगर श्रॉफ, नेगा कक्कड़, भारती सिंह, एली अवराम, सनी लियोनी, भाग्यश्री, पल्कित सम्राट, कीर्ति खरबंदा, नुसरत भरूचा और कृष्णा अभिषेक हैं।
जानें पूरा मामला?
कुछ महीने पहले ‘महादेव गेमिंग-बेटिंग ऐप’ का नाम काफी चर्चा में था। यह एक ऑनलाइन सट्टेबाजी एप है। कई सेलेब्स ने इस ऐप को एंडॉर्स किया था और लोगों को गेमिंग के लिए प्रोत्साहित भी किया था। सिर्फ इतना ही नहीं इस एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की शादी फरवरी में संयुक्त अरब अमीरात में हुई थी। शादी में 200 करोड़ से ज्यादा का खर्च किया गया था। इस आलीशान शादी का वीडियो भारतीय एजेंसियों के हाथ लगा है। शादी में परफॉर्म करने के लिए जितने भी सेलेब्स बुलाए गए थे, सभी ईडी के रडार पर आ गए हैं, जिनमें से एक नाम रणबीर कपूर का भी है।
किराए पर लिया गया पर्सनल जेट
सौरभ चंद्राकर की शादी में आमंत्रित लोग जब नागपुर से यूएई पहुंचे, तो इन सब के लिए किराए पर पर्सनल जेट लिया गया। सिर्फ इतना ही नहीं, शादी के लिए वेडिंग प्लानर, डांसर, डेकोरेटर आदि को मुंबई से बुलाया गया था, जिन पर खर्च किया गया करोड़ो रुपया कैश में दिया गया।
मामले में शामिल सभी लोगों से होगी पूछताछ
ईडी ने इस संबंध में डिजिटल सबूत जुटाए हैं, जिनके अनुसार, योगेश पोपट की मेसर्स आर-1 इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को हवाला के जरिए 112 करोड़ रुपये पहुंचाए गए थे और 42 करोड़ रुपये होटल की बुकिंग के लिए नकद भुगतान किया गया था। कुछ दिनों पहले ईडी ने मुंबई, भोपाल, कोलकाता के उन हवाला ऑपरेटरों के यहां छापे मारे, जिन्होंने इस इवेंट के लिए रकम मुंबई की इवेंट फर्म को भेजी थी। यहां से सिंगर नेहा कक्कड़, सुखविंदर सिंह, अभिनेता भारती सिंह और भाग्यश्री को परफॉर्म करने के लिए पैमेंट किया गया था। कहा जा रहा है कि जल्द ही इन सभी सेलेब्स से ईडी पूछताछ करेगी।

