नई दिल्ली। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हिस्ट्री डिपार्टमेंट के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विक्रम ने फिर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने भगवान राम और श्री कृष्ण के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। जिसे लेकर यूनिवर्सिटी के छात्रों में आक्रोश है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है और पुलिस से गिरफ्तार करने की मांग की है साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन से कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा है।
प्रोफेसर डॉ. विक्रम ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, अगर आज प्रभु श्री राम होते तो मैं ऋषि शम्भुक का वध करने के लिए उनको आईपीसी की धारा-302 के तहत जेल भेजता। अगर आज कृष्ण होते तो महिलाओं के साथ सेक्सुअल हैरेसमेंट के मामले में उनको भी जेल में भेजता। प्रोफेसर की इस पोस्ट पर तमाम हिंदू संगठन प्रोफेसर के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं।
बजरंग दल के संयोजक शुभम कुशवाहा ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने कहा कि इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. विक्रम ने हिंदू देवी-देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी करके हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने पुलिस से प्रोफेसर को गिरफ्तार करने और विश्वविद्यालय प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की।
तो वहीं विश्व हिंदू परिषद ने प्रोफेसर के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रांत संगठन मंत्री नितिन ने कहा कि ऐसी अपमानजनक टिप्पणी करके हिंदू समाज को उद्वेलित किया जा रहा है। यह सुनियोजित है। समाज में अशांति फैलाने के लिए ऐसी टिप्पणी की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस तत्काल कानूनी कार्यवाही करे। बता दें कि प्रोफेसर की ओर से इस तरह की टिप्पणी पहली बार नहीं की गई है। इससे पहले भी वो इस तरह की विवादित टिप्पणी कर चुके हैं।

