
नई दिल्ली। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को कुचलने और नष्ट करने की कसम खाई है और कहा है कि हम धरती से हमास का नमोनिशान मिटा देंगे। इन दिनों इजराइल और फिलिस्तीन के बीच भीषण युद्ध छिड़ा हुआ है, जिसमें दोनों तरफ के करीब 2,300 लोग मारे जा चुके हैं। हमास ने जिस नृशंसता से इजराइल के लोगों को मारा है, उससे प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू बौखलाए हुए हैं। फिलिस्तीनी आतंकियों ने इजराइल के गांवों में बच्चों के सिर कलम कर दिए, महिलाओं के साथ बलात्कार किया और न जाने कितनी औरतों का अपहरण कर अपने साथ ले गए। जिसके बाद अब इजराइल, गाजा पर कहर बनकर टूटा है।
धरती से मिटा देंगे हमास का निशान
बुधवार रात को प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने टीवी पर अपने एक संबोधन में कहा कि हमास के आतंकियों ने युवतियों के साथ बलात्कार किया, युवा लड़कों और लड़कियों को गोली मार दी, हमने लड़कों और लड़कियों को बंधे देखा है, जिनके सिर में गोली मारी गई थी। पुरुषों और महिलाओं को जिंदा जला दिया गया, सैनिकों को काट दिया… हमास से हर इजाइरली की मौत का बदला लिया जाएगा। इस धरती से हमास का नामोनिशान मिटा दिया जाएगा।
ये 1943 नहीं, 2023 है
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के अलावा इजरायल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने भी हमास को चेतावनी देते हुए कहा, हमें काफी नुकसान हुआ है, फिर भी कोई गलती न करें। यह 1943 नहीं, बल्कि 2023 है। हम वही यहूदी हैं, लेकिन हमारी क्षमताएं अलग हैं। इजरायल मजबूत है। हम एकजुट और शक्तिशाली हैं।
संकट के समय में देश के लिए दुश्मन हुए एकजुट
हमास के आतंकी हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री और वहां के वरिष्ठ विपक्षी नेता और कट्टर प्रतिद्वंदी बेनी गैट्ज एक साथ आ गए हैं। बेंजामिन नेतन्याहू और बेनी गैट्ज ने एक साथ युद्धकालीन बैठक में भाग लिया। इस बैठक में रक्षा मंत्री योव गैलेंट भी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य युद्ध पर ध्यान केंद्रित करना था।
पिछले दिनों बेनी गैट्ज के इशारों पर प्रधानमंत्री बेंजामिन के खिलाफ इजराइल में प्रदर्शन किया गया था लेकिन मुश्किल की इस घड़ी में बेनी गैट्ज ने कहा कि ये दुश्मनों से युद्ध और साथ आने का समय है।
