ट्रें​डिंगमनोरंजन

एक्टर श्रेयस तलपड़े को आया हार्ट अटैक, जानें अब कैसी है हालत

नई दिल्ली। 47 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े को हार्ट अटैक आया है। वे अक्षय कुमार के साथ ‘वेलकम टू जंगल’ फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग खत्म करने के तुरंत बाद वो गिर पड़े। श्रेयस को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी कराई गई। फिलहाल उनकी सेहत में सुधार बताया जा रहा है।

इन दिनों श्रेयस, अक्षय कुमार के साथ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग कर रहे हैं। गुरुवार को भी श्रेयस पूरे दिन शूटिंग कर रहे थे और बिल्कुल ठीक थे। वो सेट पर हर किसी के साथ मस्ती कर रहे थे। उन्होंने अपना शॉट दिया, जिसमें थोड़ा बहुत एक्शन सीक्वेंस भी शामिल था। जब वह शूटिंग करके घर वापस गए तो बिलकुल स्वस्थ थे।

घर पहुंच कर उनकी तबियत थोड़ी बिगड़ी तो उन्होंने अपनी पत्नी को बताया। जब उनकी पत्नी दीप्ति तलपड़े उन्हें अस्पताल ले जाने लगी तो वह रास्ते में ही बेहोश हो गए। एक्टर को अंधेरी वेस्ट के Bellevue अस्पताल ले जाया गया तो पता चला कि उन्हें हार्ट अटैक आया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी एंजियोप्लास्टी की जा चुकी है और अब एक्टर की सेहत में सुधार है। वो रिकवर कर रहे हैं।

बता दें वेलकम टू जंगल एक मल्टी-स्टारर फिल्म है। इसमें अक्षय कुमार-श्रेयस तलपड़े के साथ-साथ रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैक्लीन फर्नांडीज, लारा दत्ता, सुनील शेट्टी, संजय दत्त, परेश रावल, अरशद वारसी, तुषार कपूर, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, किकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, राहुल देव और सिंगर भाई दलेर मेहंदी, मीका सिंह भी हैं। फिल्म की रिलीज डेट अभी फाइनल नहीं की गई है।