नई दिल्ली। बिहार शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को जनसंख्या नियंत्रण पर ऐसा बयान दिया, जिस पर बवाल मच गया है। नीतीश कुमार ने कहा, ‘शादी के बाद पुरुष पत्नी से यौन संबंध बनाने को बोलते हैं, लेकिन जैसा कि हमने बिहार की महिलाओं को शिक्षित किया है, वो सही समय पर अपने पति को ऐसा करने से रोक लेती हैं। जिसके कारण बिहार की जनसंख्या नियंत्रण में है।’
उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। उनके बयान पर विधानसभा में उपस्थित सदस्य हंसने लगते हैं, तो वहीं वहां बैठी महिला मंत्री असहज दिखाई देती हैं।
महिला आयोग से लेकर आम लोग सभी उनके इस बयान की कड़ी निंदा कर रहे हैं। भाजपा ने सदन में नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा मांगा है। लोगों का कहना है कि उन्होंने ये बात बेहद गलत तरीके से कही है। कुछ लोग बयान को अश्लील बता रहे हैं। जबकि कुछ का कहना है कि नेता विधानसभा में खड़े होकर इस तरह के बयान कैसे दे सकते हैं।
हालांकि चारों ओर से घिरने के बाद नीतीश कुमार ने अपने विवादित बयान पर माफी मांग ली है। नीतीश ने सफाई देते हुए कहा, ‘मैंने तो बस महिलाओं की शिक्षा की बात की थी। मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया। अगर बयान गलत लगा तो मांफी मांगता हूं। मैं अपना बयान वापस लेता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं निंदा करने वालों का अभिनंदन करता हूं।’

