नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यानी 7 नवंबर को हैदराबाद के एलबी स्टेडियम में बीसी आत्म गौरव सभा को संबोधित किया। संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने अपने पीएम बनने से पहले का समय याद किया और बताया कि कहां से शुरू हुई थी उन्हें पीएम बनाने की कवायद और तेलंगाना के लोगों ने कैसे उसमें अग्रणी भूमिका निभाई थी।
पीएम मोदी ने 2013 को याद करते हुए बताया कि ये धरती, ये मैदान… इसका मेरे जीवन में बहुत बड़ा स्थान है। 2013 में आप सबने मुझे इसी मैदान में बुलाया था। आप लोगों ने टिकट रखा था कि जो मोदी जी की सभा में आना चाहता है, उसे टिकट लेना पड़ेगा, पैसा देना पड़ेगा। हिंदुस्तान के राजनीतिक जीवन की ये पहली और सबसे बड़ी घटना थी। एक प्रकार से इसी मैदान में मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की नींव रखी गई।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं विश्वास से कहता हूं कि जिस मैदान से मिले आशीर्वाद ने मोदी को पीएम बना दिया। उसी मैदान से आपके आशीर्वाद से प्रदेश में भाजपा का बीसी मुख्यमंत्री बनेगा।
बता दें तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान है और 3 दिसंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी। चुनाव को लेकर भाजपा अब तक कुल 119 विधानसभा क्षेत्रों में से 100 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शेष 19 सीटों में से भाजपा अपने एनडीए सहयोगी अभिनेता से नेता बने पवन कल्याण की जनसेना को कुछ सीटें दे सकती है।

