चुनावराजनीति

सरकार बनते ही घंटे के भीतर होगी जाति जनगणना, क्या राहुल गांधी का ये ऐलान बदल देगा सियासी खेल

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बस्तर में अयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी 2024 में लोकसभा चुनाव जीतती है तो दो घंटे के भीतर जाति जनगणना कराएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस छत्तीसगढ़ में अगला विधानसभा चुनाव जीतती है तो यहां भी जाति जनगणना कराएगी।

छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बस्तर की एक सभा में कहा कि, “हम जितनी जल्दी हो सके जाति आधारित जनगणना कराएंगे। अगर हमारी सरकार आई तो दो घंटे में काम शुरू हो जाएगा और अगर छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनी तो छत्तीसगढ़ सरकार जाति आधारित सर्वेक्षण कराएगी।

राहुल गांधी ने जाति जनगणना के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने आगे कहा, ”पीएम मोदी ओबीसी जाति-आधारित जनगणना से क्यों डरते हैं? आप अपने भाषणों में जाति-आधारित जनगणना के बारे में क्यों नहीं बोलते? और जो डाटा हमने अपनी सरकार के दौरान तैयार किया, आप क्यों नहीं इसे जारी करें? जैसा कि आप जानते हैं कि आज के भारत में ओबीसी वर्ग की वह भागीदारी नहीं है जो मिलनी चाहिए. क्योंकि आप इस सच्चाई को ओबीसी युवाओं से छिपाना चाहते हैं।”

राहुल गांधी ने कहा कि भारत सरकार के सचिव के रूप में काम करने वाले 90 आईएएस अधिकारियों में से केवल तीन ओबीसी हैं। उन्होंने कहा, ये 90 अधिकारी सरकार चलाते हैं, न कि राज्यसभा या लोकसभा के सांसद। वे बजट तय करते हैं। इनमें सिर्फ तीन ओबीसी से हैं यानी उन्होंने बजट का सिर्फ 5 फीसदी हिस्सा तय किया। तो क्या इसका मतलब यह है कि भारत में ओबीसी आबादी सिर्फ 5% है?

मेरा मानना है कि भारत में ओबीसी आबादी 50-55% है। लेकिन मोदी जी नहीं चाहते कि ओबीसी युवाओं को यह हकीकत पता चले। ओबीसी युवाओं को जागरूक होने की जरूरत है, आपको लूटा जा रहा है। आज मैं हर ओबीसी युवा से वादा करता हूं कि भारत में हमारी पार्टी के सत्ता में आने के दो घंटे के भीतर जाति जनगणना की जाएगी। अगर हम छत्तीसगढ़ में जीतते हैं, तो हम यहां जाति जनगणना करेंगे।”

छत्तीसगढ़ में 20 सीटों के लिए पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा। राज्य की शेष 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा और राज्य के दोनों प्रमुख दावेदारों, भाजपा और कांग्रेस ने राज्य के सभी 90 उम्मीदवारों की अपनी अंतिम सूची जारी कर दी है।