ट्रें​डिंगदेश

श्रीनगर में क्रिकेट खेल रहे पुलिस अधिकारी को आतंकियों ने मारी गोली, हालत गंभीर

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में आतंकी हमला हुआ, जिसमें एक पुलिस अधिकारी बुरी तरह से घायल है। घायल पुलिस अधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार हमला उस समय ​किया गया जब इंस्पेक्टर मसरूर वानी ईदगाह मैदान में स्थानीय लड़कों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे।

हमले को अंजाम देकर आतंकी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। आनन-फानन घायल पुलिस अधिकारी को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस आतंकियों के तलाश में जुट गई है।

कश्मीर जोन की पुलिस ने जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, “आतंकवादियों ने श्रीनगर की ईदगाह के पास पुलिस अधिकारी मसरूर अहमद पर फायरिंग की,जिसमें वह घायल हो गए हैं। गोली लगने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि आतंकियों ने पिस्तौल से गोली मारी। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। आगे की जांच अभी जारी है।”

श्रीनगर का ईदगाह इलाका व्यस्त इलाकों में से एक है। रविवार को अन्य दिनों की तुलना में यहां अधिक भीड़ होती है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी संख्या में युवा यहां क्रिकेट खेलने के लिए पहुंचते हैं। सूत्रों के अनुसार, इंस्पेक्टर मसरूर अहमद भी रविवार को क्रिकेट खेलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान आतंकी खेल मैदान में आ घुसे और उन्हें एक के बाद एक गोलियां दाग कर इंस्पेक्टर मसरूर को लहूलुहान कर दिया।