देशराजनीति

‘मेरे लिए सबसे बड़ी जाति गरीब है’ , जाति जनगणना पर पीएम मोदी ने दिया करारा जवाब

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से बिहार में हुई जातिगत जनगणना पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कल कांग्रेस ने एक अलग ही राग अलापना शुरू कर दिया, उनके नेता कहते हैं जितनी आबादी, उतना हक, लेकिन मेरे लिए सबसे बड़ी जाति गरीब हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष हिंदुओं और देश को जाति के आधार पर बांटने में लगे हैं। लेकिन मेरे लिए देश में सबसे बड़ी जाति गरीब लोग हैं।

छत्‍तीसगढ़ के जगदलपुर में प्रधानमंत्री मोदी ने 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिसमें नगरनार में एनएमडीसी (NMDC) स्टील लिमिटेड का स्टील प्लांट भी शामिल है।इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, कल से कांग्रेस ने एक अलग राग अलापना शुरू कर दिया है, ये कहते हैं जितनी आबादी, उतना हक। मैं कहता हूं इस देश में अगर सबसे बड़ी कोई आबादी है तो वह गरीब है इसलिए गरीब कल्‍याण ही मेरा मकसद है।

मोदी ने कहा, आज तक कांग्रेस ने यह खुलासा नहीं किया कि उन्होंने एक दूसरे देश के साथ क्या गुप्त समझौता किया है लेकिन देश देख रहा है इस समझौते के बाद कांग्रेस और ज्यादा देश की बुराई करने लगी है। ऐसा लगता है उन्हें भारत में कुछ अच्छा नहीं लगता। मैं आपको आगाह करता हूं कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों की इस नई साजिश से हमें सतर्क रहना चाहिए और अगर देश के ससांधनों पर हक की बात है तो सबसे पहला हक गरीब का है।

इसके अलावा पीएम मोदी ने बताया कि विकसित भारत का सपना तब सिद्ध होगा जब हर प्रदेश, हर जिला, हर गांव विकसित हो। विकसित भारत के लिए फिज़िकल, डिजिटल और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर भी भविष्य की ज़रूरतों के अनुरूप होना चाहिए। यही वजह है कि हमारी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाले खर्चे को बढ़ाकर इस साल 10 लाख करोड़ कर दिया है।

छत्‍तीसगढ़ प्रवास के दौरान पीएम मोदी ने सबसे पहले जगदलपुर एयरपोर्ट से मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचे। यहां उन्‍होंने दंतेश्‍वरी मंदिर में दर्शन और पूजन-अर्चन कर माता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे नगरनार स्टील प्लांट देश को समर्पित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 23,800 करोड़ के नगरनार स्टील प्लांट, अंतागढ़ व ताड़ोकी के बीच नई रेललाइन, जगदलपुर -दंतेवाड़ा डबल रेललाइन और राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के ‘कुनकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा खंड’ पर सड़क उन्नयन परियोजना का लोकार्पण शामिल हैं।