नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में स्टील प्लांट समेत कई सौगातें दीं। परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री या किसी मंत्री ने हिस्सा नहीं लिया। जिस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि वो आंख नहीं मिला सकते, क्योंकि वो डरते हैं और इसलिए कार्यक्रम में नहीं आए।
पीएम मोदी ने कहा कि आज नगरनार में बहुत बड़े और देश के आधुनिकतम स्टील कारखाने का लोकार्पण हुआ है। जिस पर छत्तीसगढ़ की जनता को गर्व हो रहा है, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार को नहीं हो रहा है। यहां इतना बड़ा कार्यक्रम अभी हुआ है, लेकिन छत्तीसगढ़ कांग्रेस का न तो मुख्यमंत्री आया न ही उपमुख्यमंत्री आया और न ही कोई मंत्री कार्यक्रम में शामिल हुआ। इसके दो कारण हैं- एक, उनको सरकार जाने की इतनी चिंता है कि वह सरकार बचाने में लगे हैं और दूसरा, ये मोदी है और कोई आकंठ भ्रष्टाचारी मोदी से आंख नहीं मिला सकता है, इसलिए वो आने से डरते हैं, भाग जाते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज जगदलपुर शहर में एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के नगरनार इस्पात संयंत्र के लोकार्पण सहित 26 हाजर करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके बााद पीएम मोदी ने उसी स्थान पर एक अलग मंच से भाजपा की परिवर्तन महासंकल्प रैली को संबोधित किया।
इससे पहले 15 सितंबर को पीएम मोदी ने रायगढ़ में छत्तीसगढ़ को 6,350 करोड़ रुपये की सौगात दी थी, इस कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री छीएस सिंहदेव शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने कभी भेदभाव नहीं किया।

