नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र का शुरूआत हो चुकी है। सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संसद पहुंचे। यहां उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों सांसदों से मुलाकात की और इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने एक दूसरे से बातचीत की। संसद सत्र के पहले दिन आम तौर पर एक दूसरे का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोनिया गांधी का हाल चाल पूछा इस पर सोनिया गांधी ने जवाब दिया कि मैं ठीक हूं। एक सांसद ने बताया कि सोनिया गांधी ने मोदी जी से कहा कि चर्चा के लिए एक मात्र मुद्दा मणिपुर है। आपको बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान मणिपुर में दो महिलाओं के साथ हुई दरिंदगी को शर्मनाक बताते हुए कहा कि गुनहगारों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेरा हृदय पीड़ा और क्रोध से भरा है। मणिपुर की जो घटना सामने आई है, वह किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मसार करने वाली है। पाप करने वाले, गुनाह करने वाले, कितने हैं, कौन हैं, यह अपनी जगह है, लेकिन बेइज्जती पूरे देश की हो रही है। 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार होना पड़ रहा है। मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वे महिलाओं की रक्षा करने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाएं।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकारों से आग्रह किया कि अपने राज्यों में कानून व्यवस्था को और मजबूत करें। घटना चाहे राजस्थान हो, छत्तीसगढ़ हो या मणिपुर हो, हम राजनीतिक विवाद से ऊपर उठकर कानून व्यवस्था और नारी के सम्मान का ध्यान रखें। किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा। मणिपुर की इन बेटियों के साथ जो हुआ है, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता।’
गौरतलब है बुधवार को यानी मॉनसून सत्र के एक दिन पहले 19 जुलाई को एक दिल दहला देने वाली दो महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न का एक वीडियो वायरल हुई। मणिपुर पुलिस ने इस वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया है कि ये महिलाएं बीती चार मई को मणिपुर के थोबल ज़िले में यौन उत्पीड़न की शिकार हुई थी। हालांकि मणिपुर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी घटना पर दुख जताया है और ट्वीट कर बताया कि इस मामले में पहली गिरफ्तारी हो गई है और घटना की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

