देशराजनीति

‘मणिपुर घटना से हृदय क्रोध से भरा है’, प्रधानमंत्री बोले- किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर का मणिपुर राज्य बीते ढाई महीने से हिंसा की आग में जल रहा है। प्रदेश में 3 मई को कुकी और मैती समुदायों के बीच हिंसा शुरू हुई थी। अब तक प्रदेश में हिंसा के करीब पांच हजार मामले दर्ज किए गए हैं और 142 लोगों की जानें गई हैं।

इसी बीच बुधवार को यानी मानसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले 19 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक विचलित की देने वाला वीडियो वायरल हुआ, वीडियो में लोगों की भीड़ दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही थी। प्रदेश की पुलिस का कहना है ​कि ये वीडियो 4 मई का है यानी हिंसा शुरू होने के एक दिन बाद का। वीडियो वायरल होने के बाद मणिपुर हिंसा पर पहली बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टिप्पणी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘मेरा हृदय पीड़ा से भरा है, क्रोध से भरा है। मणिपुर की जो घटना सामने आई है, वह किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मसार करने वाली है। पाप करने वाले, गुनाह करने वाले, कितने हैं, कौन हैं, यह अपनी जगह है, लेकिन बेइज्जती पूरे देश की हो रही है। 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार होना पड़ रहा है। मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वे महिलाओं की रक्षा करने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाएं।’

इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकारों से आग्रह किया कि अपने राज्यों में कानून व्यवस्था को और मजबूत करें। घटना चाहे राजस्थान हो, छत्तीसगढ़ हो या मणिपुर हो, हम राजनीतिक विवाद से ऊपर उठकर कानून व्यवस्था और नारी के सम्मान का ध्यान रखें। किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा। मणिपुर की इन बेटियों के साथ जो हुआ है, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता।’

मणिपुर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी घटना पर दुख जताया है और ट्वीट कर बताया कि इस मामले में पहली गिरफ्तारी हो गई है और घटना की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।