चुनावराजनीति

मिशन 2024 : मुस्लिम मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने के लिए भाजपा ने किया दिल बड़ा

नई दिल्ली। भाजपा 2024 की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हुई है। मुस्लिम मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने के लिए, भारतीय जनता पार्टी ने आखिरकार दिल बड़ा कर लिया है। शुरुआत पसमांदा मुसलमानों से की जा रही है और उनका समर्थन हासिल करने के लिए भगवा दल अगस्त में ‘पसमांदा स्नेह संवाद यात्रा’ निकालने जा रहा है।

भाजपा की यह यात्रा यूपी के मुरादाबाद मंडल में निकाली जाएगी। इस मंडल में मुरादाबाद के अलावा अमरोहा, संभल और रामपुर लोकसभा सीट आती हैं। इन चारों सीटों पर मुस्लिम मतदाता बहुलता में हैं और बीजेपी की स्थिति यहां कुछ अच्छी नहीं है।

अपने प्रदर्शन में सुधार करने के उद्देश्य से ही भाजपा ने ‘पसमांदा स्नेह संवाद यात्रा’ की तैयारी की है। पार्टी अपनी इस यात्रा को ‘टेस्टिंग ग्राउंड’ की तरह भी देख रही है। यदि इस क्षेत्र में यह यात्रा सफल रहती है और पसमांदा मुसलमानों का बीजेपी को समर्थन मिलता है तो फिर ऐसी यात्राएं यूपी और देश के दूसरे हिस्सों में भी की जाएंगी।

देश की मुस्लिम आबादी में लगभग 85% पसमांदा मुसलमान हैं और ये 18 राज्यों में फैले हैं। संख्या में ये भले ही ज्यादा हों लेकिन इनका राजनीतिक प्रतिनिधित्व ना के बराबर है। मुस्लिम समाज के सवर्ण तबके और उच्च जाति के मुसलमानों ने इन्हें हमेशा हाशिए पर रखा। इन्हें पिछड़ा व कमजोर बनाए रखा।

लेकिन प्रधानमंत्री मोदी कई मंचों से पसमांदा मुसलमानों को आगे बढ़ाने की बात कह चुके हैं। हाल ही में राष्ट्रवादी मुस्लिम पसमांदा महाज के अध्यक्ष आतिफ रशीद ने UCC का समर्थन किया था। यानी, शुरुआत दोनों तरफ से हो चुकी है। आने वाले दिनों में, बीजेपी की यह रणनीति यूपी सहित कई राज्यों में ‘गेम चेंजर’ साबित हो सकती है।