नई दिल्ली। सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा की फिल्म ‘गदर 2’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। पहले ही दिन फिल्म ने ₹40 करोड़ की कमाई कर इस साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर होने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। सनी की फिल्म ने, ‘पठान’ के बाद 2023 की सबसे बड़ी ओपनिंग की है। तमाम सेलेब्स फिल्म की तारीफ कर रहे हैं। इसी बीच कंगना रनौत ने भी गदर 2 की जमकर तारीफ की है।
शनिवार को कंगना ने इंस्टाग्राम पर थिएटर के बाहर लगी ऑडियंस की भीड़ का एक वीडियो शेयर किया जो गदर 2 देखने आए थे। फिल्म की तारीफ करते हुए कंगना ने लिखा कि ये फिल्म लोगों की जिंदगी में ‘एक्साइटमेंट और राष्ट्रवाद को वापस लाती है।’
एक्ट्रेस ने आगे लिखा कि “छुट्टियों को भूल जाइए, अगर ये सिंगल रिलीज होती तो पहले दिन आसानी से 65-70 करोड़ रुपये कमा सकती थी। इस फिल्म से सिर्फ इंडस्ट्री में इकोनॉमिक सूखा खत्म नहीं हो रहा है, बल्कि लोग भी खुश हैं। सिनेमा को लोगों के जीवन में उत्साह और राष्ट्रवाद वापस लाता देख मैं भी खुश हूं… तारा सिंह, सनी देओल अमर रहें।”

कंगना ने लिखा कि गदर 2 फर्जी प्रोपगेंडा की मदद के बिना अच्छा परफॉर्म कर रही है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “कोई माफिया राजनीति नहीं, कोई खरीदी गई समीक्षा नहीं, कोई नकली प्रचार नहीं, थोक कॉर्पोरेट बुकिंग के माध्यम से टिकट नहीं खरीदना, कोई कार्टून दिखने वाले अभिनेता नहीं, प्रॉपर मर्दाना हीरो और प्रॉपर मासी कंटेंट…”
Sacnilk के मुताबिक, साल 2001 में रिलीज हुई ‘गदर: एक प्रेम कथा’ का सीक्वल ‘गदर 2’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 40.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। ये आंकड़ा Sunny Deol की पिछली पुरानी फिल्मों की ओपनिंग से कहीं ज्यादा है। 40 साल के करियर के दौरान की ‘गदर 2’ सनी देओल की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन चुकी है।

