नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A ने ऐलान किया है कि वह टीवी के 14 पत्रकारों को बायकॉट करेगा। इन एंकरों के शो में I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल दल अपने प्रवक्ता नहीं भेजेंगे। कांग्रेस नेता और पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन पवन खेड़ा ने उन 14 एंकर्स की लिस्ट जारी की है, जिन्हें गठबंधन ने बायकॉट करने का फैसला किया है। इस लिस्ट में सुधीर चौधरी, अमन चोपड़ा, चित्रा त्रिपाठी जैसे नाम शामिल हैं।
I.N.D.I.A समिति द्वारा आज आयोजित एक वर्चुअल बैठक के दौरान इन एंकर्स को बायकॉट करने का फैसला किया गया। जिसके बाद पवन खेड़ा ने ट्विटर अकाउंट पर इस लिस्ट को पोस्ट कर जानकारी दी है कि इन एंकर्स के शो पर वे अपने प्रवक्तओें को नहीं भेजेंगे।
कांग्रेस द्वारा जारी की लिस्ट में अदिति त्यागी, अमन चोपड़ा, अमीश देवगन, आनंद नरसिम्हन, अर्णब गोस्वामी, अशोक श्रीवास्तव, चित्रा त्रिपाठी, गौरव सावंत, नविका कुमार, प्राची पराशर, रुबिका लियाकत, शिव अरुर, सुधीर चौधरी और सुशांत सिन्हा शामिल हैं।
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया है कि रोज़ शाम पांच बजे से कुछ चैनल्स पर नफ़रत की दुकानें सजायी जाती हैं। हम नफ़रत के बाज़ार के ग्राहक नहीं बनेंगे। हमारा उद्देश्य है ‘नफ़रत मुक्त भारत’। बड़े भारी मन से यह निर्णय लिया गया कि कुछ एंकर्स के शोज़ व इवेंट्स में हम भागीदार नहीं बनें। हमारे नेताओं के ख़िलाफ़ अनर्गल टिप्पणियां, फेक न्यूज़ आदि से हम लड़ते आएँ हैं और लड़ते रहेंगे लेकिन समाज में नफ़रत नहीं फैलने देंगे।
बता दें कांग्रेस ने विपक्ष ने टीवी मीडिया के इन एंकर्स पर लंबे समय से हिंदू मुस्लिम करने और उनके नेताओं को ज्यादा कवरेज न देने का आरोप लगाता रहा है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि संपादकों ने यात्रा का बहिष्कार किया है। यात्रा को जनता का समर्थन मिला लेकिन मुख्यधारा की मीडिया ने यात्रा को कवर नहीं किया। इससे पहले 2019 के आम चुनावों नतीजे आने के बाद भी कांग्रेस ने एक महीने तक टीवी मीडिया का बहिष्कार किया था और अपने किसी प्रवक्ता को टीवी डिबेट में नहीं भेजा था।

