नई दिल्ली। बेंगलुरु में हुई बैठक के दौरान विपक्षी महागठबंधन का नामकरण हो गया है। हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन आरजेडी और उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना ने इसकी पुष्टि कर दी है। विपक्ष के इस नए गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इनक्लूसिव अलायंस’ (INDIA) होगा। इस नये नाम के साथ आरजेडी और शिवसेना ने तो ट्वीट भी कर दिया है।
इस महागठबंधन में तमिलनाडु की पार्टी डीएमके से लेकर जम्मू कश्मीर की नेशनल कॉन्फ्रेंस से पीडीपी तक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 26 दलों के इस कुनबे को ये नया नाम (INDIA) राहुल गांधी ने सुझाया, जिस पर महागठबंधन के सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जताई। समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान ने बताया कि राहुल गांधी ने बैठक के दौरान महागठबंधन के नाम को लेकर अपना प्रस्ताव रखा और बैठक में उपस्थित सभी दलों के सदस्यों ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया।
गौरतलब है कि साल 2024 के चुनावों से पहले सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। सोमवार को बेंगलुरु में विपक्षी एकता की बैठक की शुरुआत हो चुकी थी। आज इस बैठक का दूसरा चरण है, जिसमें तमाम पार्टियों के नेता जुड़े हैं। बता दें कि कांग्रेस की अगुवाई में बेंगलुरू में ये 2 दिन की बैठक हो रही है।
गठबंधन की अगली बैठक मुंबई में करने का फैसला किया गया है, लेकिन अभी तक बैठक की तारीख तय नहीं की गई है। बता दें, एक ओर बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक हुई तो वहीं आज दिल्ली के अशोक होटल में NDA की भी बैठक हुई। NDA की इस बैठक में 38 दलों के पहुंचने की पुष्टि बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की है। NDA की इस बैठक में अपना दल, एकनाथ शिंदे की शिवसेना से लेकर आरपीआई तक दक्षिण से उत्तर और पूर्वोत्तर तक के दलों को आमंत्रित किया गया था।

