नई दिल्ली। देश ही जनता को अभी तक लग रहा था कि विपक्ष की ओर से लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री का चेहरा होंगे, लेकिन 18 जुलाई 2023 को हुई विपक्षी एकता की बैठक के दूसरे दिन ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस की ओर से कोई भी प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता का कोई लोभ नहींं है। खड़गे के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद की रेस से राहुल गांधी बाहर हैं।
जानकारी सामने आई है कि बेंगलुरु में संयुक्त विपक्ष की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ”हम यहां 26 पार्टियां हैं। हम सब मिलकर आज 11 राज्यों में सरकार में हैं। बीजेपी को अकेले 303 सीटें नहीं मिलीं हैं। उसने अपने सहयोगियों के वोटों का इस्तेमाल किया और सत्ता में आई और फिर उन्हें त्याग दिया। आज बीजेपी अध्यक्ष और उनके नेता अपने पुराने सहयोगियों से समझौता करने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य भाग-दौड़ कर रहे हैं।”
बता दें कि 2019 के चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरनेम को लेकर टिप्पणी की थी। इस मामले में गुजरात की एक स्थानीय कोर्ट ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी। इसकी वजह से राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता गंवानी पड़ी थी। इसके कुछ दिनों बाद ही कांग्रेस नेता से उनका सांसद आवास भी खाली करा लिया गया था। कांग्रेस ने निचली अदालत के इस फैसले को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिल सकी।
इसके बाद अब राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई की तारीख 21 जुलाई तय की है। अगर राहुल गांधी की याचिका पर फैसला उनके पक्ष में नहीं आता है तो लोकसभा चुनाव 2024 में उनका चुनावी मैदान में उतरना संभव नहीं होगा।

