नई दिल्ली। पाकिस्तान से अपने प्रेमी के सचिन मीणा के पास भारत आई सीमा हैदर के बारे में यूपी एटीएस ने जांच शुरू कर दी है। यूपी एटीएस ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर सीमा के पाकिस्तान से यूपी आने के बारे में जांच कर रही है। इसके अलावा सीमा के कांटेक्ट के बारे में भी पता लगा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यूपी एटीएस, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर सीमा के पाकिस्तान से दुबई फिर नेपाल से भारत आने के पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। भारत आने पर सीमा ने कौन कौन से मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया इसकी भी जांच हो रही है। साथ ही सीमा और सचिन कब से एक दूसरे के संपर्क में हैं और दोनों ने बातचीत के लिए कौन कौन से मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया इसकी भी जांच हो रही है।
केंद्रीय खुफिया एजेंसी पाकिस्तान में अपने संपर्कों के माध्यम से सीमा हैदर की पूरी प्रोफाइल पता लगा रही है। उसके घर परिवार के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। दरअसल, किसी की सहायता के बिना सीमा हैदर का दुबई होकर नेपाल और फिर भारत आने वाली बात किसी के गले उतर नहीं रही। जांच एजेंसी उसके पुराने मोबाइल नंबर का भी पता लगाने में जुटी है।
केंद्रीय एजेंसियों की जांच शुरू करने के बाद नोएडा पुलिस ने सीमा की जमानत खारिज करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस को संदेह है कि सीमा साक्ष्यों को प्रभावित कर सकती है या फिर फरार हो सकती है। पुलिस ने विधिक सलाह लेने के बाद जमानत खारिज कराने के लिए कोर्ट में याचिका देने की पूरी तैयारी कर ली है। ऐसे में सीमा पर कानूनी शिकंजा कसता है तो सचिन की मुश्किलें बढ़ सकती है।
सीमा हैदर और सचिन को मीडिया और भीड़ से दूर रखा जा रहा है, क्योंकि पुलिस को लग रहा है कि मीडिया के भेष में कोई सीमा पर हमला कर सकता है। भीड़ में कोई भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि ये पाकिस्तान से आई है और अगर ये दोषी है तो जेल जाएगी। अगर सही है तो यहां रहेगी।

