नई दिल्ली। शादी से इंकार करने पर दिल्ली के मालवीय नगर में दिनदहाड़े 25 साल की नरगिस की लोहे की रॉड से मार मारकर हत्या कर दी गई। मामला इलाके में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया था, जिसकी मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पता चला कि आरोपी इरफान मृतका की मासी का बेटा है। इरफान और नरगिस की शादी की बात पक्की हो गई थी लेकिन इरफान के कुछ खास काम न करने की वजह से नरगिस ने इस शादी से इंकार कर दिया था। इरफान और नरगिस की मां सगी बहने हैं और इरफान फूड डिलिवरी का काम करता था जो नरगिस के परिवारवालों को पसंद नहीं था।
नरगिस मालवीय नगर में स्टेनों की कोचिंग करती थी और रोज की तरह शुक्रवार को भी वह घर से कोचिंग के लिए आई थी, तभी इरफान उसे मिल गया। इरफान बात करने बहाने नरगिस को डीडीए के विजय मंडल पार्क ले गया। यहां उनसे नरगिस से शादी की बात की। लड़की ने इरफान से शादी करने की बात से साफ इंकार कर दिया। इंकार सुन कर इरफान गुस्से से लाल हो गया और बैग से लोहे की रॉड निकाल कर नरगिस पर लगातार वार करने लगा। नरगिस संभल पाती उसके पहले ही रॉड के वार से वह जमीन पर जा गिरी। इरफान गुस्से में नरगिस पर वार करता रहा और फिर मौके से भाग निकला।
घटना के बाद दोपहर 12:00 बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली कि पार्क में एक लड़की का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आरोपी की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया। सीसीटीवी में फुटेज में इरफान को पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों ही परिवार मूल रूप से यूपी के रहने वाले हैं। नरगिस का परिवार लंबे समय से संगम विहार में रह रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी इरफान की शादी की बात मौसी की बेटी नरगिस से पक्की होने के बाद टूट जाने से वह डिप्रेशन में था। उसे लगा कि अब उसकी शादी नहीं हो सकेगी। वहीं, उसके छोटे भाई का रिश्ता तय हो गया था। इससे इरफान और ज्यादा परेशान हो गया था। आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

