नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर मणिपुर की दो महिलाओं के उत्पीड़न का वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में अब तक 4 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। प्रदेश की पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि इस मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार किए गए है। बता दें मामले में एक आरोपी सुबह ही गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद इस मामले में कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
“कोई दोषी नहीं बचेगा”
प्रदेश पुलिस का कहना है कि अन्य दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हरसंभव प्रयास कर किए जा रहे हैं। छापेमारी जारी है। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही वीडियो हमारे संज्ञान में आया, हमने बिना देरी किए आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की। कोई दोषी नहीं बचेगा।
दोषी पुलिसवालों के खिलाफ भी हो कार्रवाई
मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह से मुलाकात की और मणिपुर के वायरल वीडियो मामले की जांच की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने घटना की निंदा करते उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने पूछा जिस थाने में इस घटना की FIR दर्ज हुई थी वहां कार्रवाई क्यों नहीं हुई? अगर पुलिसवाले दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। राज्यपाल ने डीजीपी से जरूरत पड़ने पर पीड़ितों को विशेष सुरक्षा देने को भी कहा है।
4 मई की घटना
इस घटना के विरोध में गुरुवार को मणिपुर में इंडिजीनियस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) ने विरोध प्रदर्शन करते हुए रैली भी निकाली है। ये घटना 4 मई की है। जिसका वीडियो अब सामने आया। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि उपद्रवियों की भीड़ दो महिलाओं की नग्न परेड करा रही है और उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही है।
मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष केंद्र सरकार अैर राज्य सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का इस्तीफा मांगते हुए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।

