नई दिल्ली। भारत भर में विभिन्न कार्यक्रमों और आयोजनों के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जो उपहार और प्रतीक चिन्ह मिले हैं, उनकी नीलामी के लिए एक प्रदर्शनी लगाई गई है। इन उपहारों और प्रतीक चिन्हों की नीलामी से प्राप्त आय को नमामि गंगे पहल में इस्तेमाल किया जाएगा। आप भी अगर पीएम मोदी के उपहारों और प्रतीक चिन्हों को अपने घर की शोभा बनाना चाहते हैं, तो ये आपके लिए सुनहरा मौका है। बस आपको प्रदर्शनी में हिस्सा लेना है और प्रदर्शनी में लगी वस्तुओं को बोली लगाकर खरीदना है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर इस प्रदर्शनी के बारे में जानकरी दी। उन्होनें प्रदर्शनी में शामिल चीजों की तस्वीर साझा की और लिखा कि आज से एनजीएमए दिल्ली में एक प्रदर्शनी शुरू हो रही है, जिसमें मुझे पिछले कुछ सालों में मिले उपहारों और स्मृति चिह्नों को प्रदर्शित किया जाएगा।

देश भर में अनेक कार्यक्रमों के दौरान मुझे दिये गये ये उपहार भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और कलात्मक धरोहर का प्रमाण हैं। हमेशा की तरह, इनकी नीलामी की जाएगी और प्राप्त आय को नमामि गंगे अभियान के माध्यम से खर्च किया जाएगा। पीएम मोदी ने उन लोगों के लिए वेबसाइट लिंक भी साझा की है जो व्यक्तिगत रूप से एनजीएमए में नहीं पहुंच सकते हैं।
पीएम मोदी से पहले केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने भी संबोधित करते हुए इस प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने X पर लिखा कि प्रधानमंत्री को अनेक मौकों पर प्रदान किये गये स्मृति चिह्नों और उपहारों की नीलामी अब चालू है। सभी से अनुरोध है कि ई-नीलामी में शामिल हों और नमामि गंगे परियोजना में योगदान दें जिससे प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जनवरी 2019 में पीएम नरेंद्र मोदी को मिले करीब 1,900 उपहारों को सरकार ने पहली बार नीलाम किया था। अलग-अलग देशों से मिली पेंटिंग, मूर्तियां, शॉल, पगड़ी, जैकेट और पारपंरिक वाद्य यंत्रों के साथ कई दूसरे कीमती गिफ्ट्स भी इस ऑक्शन के जरिए बेचे गए थे।

