नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच वर्ल्ड कप का फाइनल मैच इंदिरा गांधी की जयंती पर खेला गया था इसलिए भारत हार गया। जी हां, ये असम के भाजपा मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का कहना है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया वर्ल्ड कप का फाइनल मैच हार गई है। इसे लेकर हर कोई अपने तरीके से विश्लेषण कर रहा है। अब असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने टीम इंडिया के हारने का कारण बताया है।
हिमंता बिस्वा सरमा तेलंगाना चुनाव में चारमीनार में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने वालों के साथ ‘मिले हुए’ हैं। उन्होंने कहा, ”हम बीसीसीआई से कहना चाहेंगे कि उसे भविष्य में यह सुनिश्चित करना चाहिए कि फाइनल मैच उस दिन आयोजित ना किया जाए, जिस दिन नेहरू-गांधी परिवार के किसी सदस्य का जन्मदिन हो।”
सरमा ने कहा, ”उस दिन भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया विश्व कप मैच था। हम हर गेम जीत रहे थे, लेकिन फाइनल हार गए। फिर मैंने देखा कि दिन क्या था? हम क्यों हार गए? हम हिंदू हैं और मैं दिन के अनुसार चलता हूं। मैंने देखा कि विश्व कप फाइनल ऐसे दिन खेला गया था, जिस दिन इंदिरा गांधी की जयंती भी थी। ”
हिमंता ने कहा, ”विश्व कप का फाइनल इंदिरा गांधी की जयंती पर हुआ और देश हार गया। इसलिए मैं बीसीसीआई से कहना चाहता हूं कि अगर आपके पास विश्व कप का फाइनल मैच है तो हिसाब-किताब कर लें। वो दिन गांधी परिवार से जुड़ा नहीं होना चाहिए, वरना देश हार जाएगा।”

