नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना का बढ़ता जलस्तर फिर से लोगों की परेशानियां बढ़ा सकता है। रविवार शाम 6:00 बजे यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के पार 206.35 मीटर दर्ज किया गया। यमुना के बढ़ते जलस्तर को देख प्रशासन सतर्क हो गया है और नदी के किनारे रहने वाले लोगों से घाट खाली करवाना शुरू कर दिया है।
प्रशासन की अपील है कि घाटों पर रहने वाले लोग इन्हें खाली कर अपने मवेशियों के साथ किसी सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। वहीं, किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए प्रशासन ने 24 नाव और 50 के करीब गोताखोर भी तैनात कर दिए हैं, ताकि आपात स्थिति में लोगों को निकाला जा सके।
बता दें कि यमुना में बाढ़ आने पर ये लोग घाट छोड़ कर चले गए थे लेकिन जलस्तर कम होने पर ये फिर से यहां आ गए। अब जब फिर से यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर रहा है तो इन लोगों से घाट खाली करने को कहा जा रहा है।
यमुना का पानी इलाकों में न घुसे इसके लिए कुछ कदम उठाए गए हैं। बरसाती नालों को फिलहाल यमुना की तरफ से बंद कर दिया गया है। साथ ही ऐसे रास्ते जिनसे पानी कश्मीरी गेट और सिविल लाइंस इलाके में घुसा था वहां पर भी दो से तीन फिट की ऊंचाई पर मिट्टी के बोरे भी लगाए गए हैं, क्योंकि इन्हीं रास्तों के जरिए रिहायशी इलाकों में पहले पानी घुसा था।

