टेकराजनीति

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है, ‘उन्हें मोदी जी ना कहकर सिर्फ मोदी ही कहा जाए’

नई दिल्ली। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा सांसदों को नसीहत दी है कि उन्हें मोदी जी ना कहकर सिर्फ मोदी ही कहा जाए। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की संसदीय दल की बैठक में पीएम ने नेताओं से कहा, ‘मुझे मोदी जी ना कहकर मोदी कहा करो। क्योंकि जनता मुझे इसी नाम से एड्रेस करना पसंद करती है और इसी नाम से कनेक्ट भी करती है।’ उन्होंने यह भी कहा कि जनता यह कहती है कि यह मोदी की गारंटी है। इसलिए इस नाम से आप लोग (नेता) भी कहें।

पीएम ने कहा कि नाम के साथ बहुत सारे विश्लेषण जोड़ने से दूरी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं। मुझे लोग अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं। मेरे नाम के साथ श्री और आदरणीय जैसे विश्लेषणों को न जोड़ें।

संसदीय दल की बैठक के दौरान पार्टी के सभी सांसद स्वागत है भाई स्वागत है, मोदी जी का स्वागत का नारा लगाते दिखे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

पीएम ने बीजेपी संसदीय दल की बैठक में नेताओं से कहा कि अपने क्षेत्रों में जाकर लाभार्थियों से संपर्क करें। उनसे मिलें और सरकार की योजनाओं को बेहतर तरीके से पेश करें। तीन राज्यों में भाजपा को मिली विजय पर पीएम मोदी ने कहा कि 3 राज्यों में जीत टीम वर्क के कारण मिली है।

बता दें इससे पहले रविवार को विधानसभा चुनावों के नतीजे आए जिसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रचंड बहुमत से जीत हुई। इन नतीजों के बाद पीएम मोदी भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने भाषण में कहा कि जनता को मोदी की गारंटी पर भरोसा है।