नई दिल्ली। रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल इन दिनों सुर्खियों में है। मूवी इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। मूवी में लीड एक्टर से ज्यादा तारीफें छोटा सा विलेन का किरदार निभाने वाले बॉबी देओल को मिल रही हैं। बॉबी को भले ही स्क्रीन पर कम टाइम मिला हो लेकिन उन्होंने दर्शकों पर गहरी दाप छोड़ी।
बॉबी फिल्म में एक गूंगे के किरदार में हैं। उन्हें अपने चेहरे के हाव भाव व बॉडी लैंग्वेज से दर्शकों को बांधना था। फिल्म में एक शादी की सीन है, जिसमें उन्हें अपने भाई के मौत की खबर मिलती है और उनके चेहरे पर जो दर्द दिखाई देता है उस भाव ने दर्शकों के दिल को छू लिया।
हाल ही में iDream Media से हुई बातचीत में बॉबी देओल ने बताया कि इस इमोशनल सीन को शूट करने के दौरान वह अपने बड़ी भाई सनी देओल को याद कर रहे थे, ताकि इमोशन्स बिल्कुल असली लगे।
बॉबी ने कहा कि ‘उस सीन में एक भाई को खोने का दर्द दिखाया गया है। हम एक्टर्स अक्सर अपने इमोशन्स बाहर लाने के लिए अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी घटनाओं को याद करते हैं। ऐसे में मैंने भी अपने बड़े भाई को सोचकर यह सीन किया और यही वजह है कि दर्शक भी इस इमोशनल सीन से कनेक्ट कर पाएं। बॉबी ने आगे ये भी बताया कि ‘इस सीन के कट होते ही संदीप मेरे पास आए और कहा कि सर ये अवॉर्ड विनिंग शॉट है।

