देशबिजनेस

आसान नहीं थी Google CEO सुंदर पिचाई की सफलता की राह, जानें संघर्ष की पूरी दास्तां

नई दिल्ली।  आज का भारत दुनियाभर में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। कई भारतीयों ने दुनियाभर में देश मान बढ़ाया है। इनमें से एक नाम सुंदर पिचाई का भी है। जो आज युवाओं के लिए प्रेराणास्रोत बन चुके हैं। देश का हर युवा उनके जैसी सफलता हासिल करना चाहता है। तो आइए जानते हैं उनके जीवन से जुड़े अनसुने किस्से।

सुंदर पिचाई भारतीय मूल के अमेरिकी व्यवसायी हैं। उनका जन्म 10 जून, 1972 को तमिल परिवार में लक्ष्मी और रघुनाथ पिचाई के घर तमिलनाडु के मदुरै शहर में हुआ था। उनकी मां लक्ष्मी एक स्टेनोग्राफर थीं और उनके पिता रघुनाथ पिचाई ब्रिटिश समूह के जीईसी में एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे। सुंदर के पिता का मैन्युफैक्चरिंग प्लांट था, जहां इलेक्ट्रिक कम्पोनेंट बनाए जाते थे।

सुंदर पिचाई की शुरुआती पढ़ाई भारत में ही हुई। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा अशोक नगर स्थित जवाहर विद्यालय सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की, इंटरमीडिएट की पढ़ाई वना वाणी स्कूल से की। आईआईटी खड़गपुर से बीटेक किया। इसके बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से मटीरियल साइंस में इंजीनियरिंग की। इसके अलावा सुंदर पिचाई ने पेन्सिलवेनिया यूनिवर्सिटी के व्हार्टन स्कूल से एमबीए की डिग्री भी हासिल की।

पढ़ाई पूरी कर उन्होंने साल 2004 में गूगल ज्वाइन किया। जहां वह शुरुआत में गूगल के सर्च बार पर छोटी टीम के साथ काम किया करते थे। इसके बाद उन्होंने गूगल के कई और प्रोडक्ट पर भी काम किया। इससे पहले सुंदर पिचाई ने जीमेल और गूगल मैप्स जैसे अन्य महत्वपूर्ण एप्लीकेशन डेवलपमेंट में काम किया।

कंपनी में गूगल टूलबार और क्रोम ऐप डेवलप करने में उनका रोल बहुत अहम था। सुंदर पिचाई ने ही गूगल को अपना ब्राउजर लॉन्च करने का आइडिया दिया था, जो साल 2008 में शुरू किया गया और साल 2015 में उन्हें गूगल के सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सुंदर पिचाई की सफलता में सबसे बड़ा अहम किरदार उनकी पत्नी अंजली पिचाई ने निभाया है। सुंदर पिचाई की अंजली से दोस्ती आईआईटी खड़गपुर में पढ़ाई के दौरान हुई थी। उनकी ये दोस्ती प्यार में बदली और बाद में दोनों ने शादी कर ली। सुंदर और अंजली के दो बच्चे हैं, बेटी का नाम काव्या है और बेटे का नाम किरण है। सुंदर पिचाई को अक्सर सेलिब्रिटीज की शादियों में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ देखा जाता रहा है।

सुंदर पिचाई क्रिकेट खेलने व देखने के शौकीन हैं। उनकी बचपन में क्रिकेट में काफी रुचि थी, वह चेन्नई में अपनी स्कूल क्रिकेट टीम के कप्तान भी थे। बताया जाता है कि सुंदर पिचाई की कप्तानी में उनकी टीम ने कई टूर्नामेंट भी जीते। वह सुनील गावास्कर और सचिन तेंदुलकर के बहुत बड़े फैन हैं। एक इंटरव्यू में सुंदर ने बताया था कि वह क्रिकेटर बनना चाहते थे।

हाल ही में सुंदर पिचाई को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। सुंदर पिचाई का घर अमेरिका के कैलिफोर्निया के लॉस अल्टोस में सांता क्लारा की एक पहाड़ी पर स्थित है। सुंदर पिचाई का घर करीब 31.17 एकड़ में फैला हुआ है। उनका घर इतना आलीशान है कि इसे देख हर कोई आकर्षित हो जाता है। उनके घर में जिम, स्पा, बार, सौर पैनलों सहित कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। सुंदर पिचाई के घर की कीमत 40 मिलियन डॉलर है। इसके अलावा सुंदर की कुल संपत्ति 1,310 मिलियन डॉलर है।