नई दिल्ली। भारत की अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई। पहली बार भारत की अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुकी है। इसके साथ ही भारत, दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनने के काफी करीब पहुंच चुका है। भारत की 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था हासिल करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। हालांकि सरकार की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में भारत की GDP में 7.8% की ग्रोथ हुई थी। हालही में भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने देश की अर्थव्यवस्था पर विश्वास जताते हुए कहा था कि आर्थिक गतिविधयों को देखते हुए कुछ शुरुआती आंकड़ें सामने आए हैं, जिससे मुझे उम्मीद है कि नंवबर के अंत में दूसरी तिमाही के दौरान आने वाले GDP के आंकड़े चौंकाने वाले होंगे।
जीडीपी लाइव के आंकडे़ देखें तो पता चलता है कि भारत ने 18 नवंबर की देर रात को ही यह मुकाम हासिल कर लिया था और पहली बार 4 ट्रिलियन के आंकड़े के पार निकल गया, लेकिन अभी भी भारत चौथे पायदान से दूर है। दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था वाला देश जर्मनी है। हालांकि जर्मनी और भारत के बीच का फासला बेहद कम हो चुका है।
दुनिया की टॉप 4 अर्थव्यवस्था
अमेरिका अभी पहले नंबर पर है, जिसकी अर्थव्यवस्था 26.7 ट्रिलियन डॉलर है। दूसरे नंबर पर चीन है, इसकी अर्थव्यवस्था 19.24 ट्रिलियन डॉलर है। तीसरे नंबर पर जापान है, जिसकी अर्थव्यवस्था 4.39 ट्रिलियन डॉलर है। जर्मनी इस मामले में चौथे नंबर पर है और इसकी अर्थव्यस्था 4.28 ट्रिलियन डॉलर है।

