नई दिल्ली। जम्मू के जिला डोडा में एक बस करीब 300 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में 38 लोगों की मौत हो गई और करीब 17 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। हादसा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ।
हादसे का पता चलते ही आस पास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी डोडा ले जाया जा गया है।
जानकारी के अनुसार, बस पंजीकरण संख्या जेके02सीएन-6555 वाली बस में 56 लोग सवार थे। यह बस किश्तवाड़ से जम्मू को जा रही थी। बटोत-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रुंगल-अस्सार के पास ड्राइवर ने बस की स्टियरिंग से अपना नियंत्रण खो दिया और बस 300 फीट खाई में जा गिरी।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी में पता चला है कि इस मार्ग पर तीन बसें एक साथ चल रही थी और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

