टेकट्रें​डिंगविदेश

चीन ने लॉन्च की दुनिया की सबसे तेज इंटरनेट सर्विस, एक सेकेंड में भेज सकेंगे 150 HD फिल्में

नई दिल्ली। चीन की टेक कंपनी Huawei Technologies ने दुनिया का सबसे तेज इंटरनेट लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि उनका नेटवर्क 1.2 टेराबिट (TB) प्रति सेकेंड की स्पीड से डाटा ट्रांसमिट कर सकता है।

इंटरनेट की यह स्पीड इस समय मौजूद प्रमुख इंटरनेट रूट्स की तुलना में 10 गुना ज्यादा है। अनुमान लगाया जा रहा था कि चीन यह इंटरनेट स्पीड 2025 में हासिल कर पाएगा लेकिन समय से पूर्व ही चीन ने इस कामयाबी को हासिल कर लिया है।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, Huawei Technologies के वाइस प्रेसिडेंट वांग लेई ने बताया कि इस नेटवर्क से सिर्फ एक सेकेंड में 150 HD फिल्मों के बराबर डाटा ट्रांसमिट किया जा सकता है। बता दें कि 1TB में 1024GB होते हैं।

कंपनी ने इसे टेस्टिंग के लिए जुलाई में शुरू किया था, लेकिन अब इसे आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया है। नेटवर्क ने सभी ऑपरेशनल टेस्ट पास कर लिए हैं। इस सफलता के लिए सिंघुआ विश्वविद्यालय, चाइना मोबाइल, हुआवेई टेक्नोलॉजीज और सेर्नेट कॉर्पोरेशन ने मिलकर काम किया है।