नई दिल्ली। भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान की हालत बद से बदतर हो गई है। कर्ज में डूबे पाकिस्तान की सरकार देश नहीं चला पा रही है। पाकिस्तान की राष्ट्रीय विमानन सेवा PIA बंद होने की कगार पर पहुंच गई है। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) पर इतना क़र्ज़ हो गया है कि उसे अपनी कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद करनी पड़ी हैं। ईंधन के पैसे न चुकाने पर सऊदी अरब और यूएई ने पाकिस्तान के विमान की उड़ान तक रोक दी।
पाकिस्तान के अखबार जियो न्यूज के मुताबिक पाकिस्तान की सरकारी एयरलाइंस के एक आला अफसर ने चेतावनी दी है कि यदि एयरलाइंस को इमरजेंसी फंड नहीं दिया गया, तो 15 सितंबर तक सरकारी एयरलाइंस की उड़ानें निलंबित हो सकती हैं।
कर्ज के बोझ में दबे पाकिस्तान की इंटरनेशनल एयरलाइंस के एक सीनियर डायरेक्टर ने कहा कि पहले जहां प्रतिदिन 23 विमानें उड़ान भरती थीं, अब उनकी संख्या घटाकर 16 कर दी गई है। कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। विमान बनाने वाली कंपनियों बोइंग और एयरबस ने उन्हें विमानों के स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति देने से मना कर दिया है, क्योंकि वो उसका काफी भुगतान पेंडिंग है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईंधन का पैसा न चुका पाने के कारण पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के एक विमान को सऊदी अरब के दम्मन एयरपोर्ट पर रोक लिया गया। वहीं पाक एयरलाइंस के ही 4 अन्य विमानों को दुबई एयरपोर्ट (UAE) पर रोक लिया गया था। पाकिस्तानी अधिकारी ने बताया कि एयरलाइंस ने एक लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद ही उनके विमानों को वापस उड़ान भरने की अनुमति दी गई।

