नई दिल्ली। कांग्रेस लीडरशिप इस समय विपक्ष को लामबंद रखने में जुटी है। INDIA नाम से एक मंच भी बना है, जिसमें अधिकतर विपक्षी दल शामिल हैं। दावा किया जा रहा है कि INDIA 2024 के आम चुनाव में मोदी को पटखनी दे देगा। हालांकि अभी तक जितने सर्वे हुए हैं, उनमें ‘तीसरी बार-मोदी सरकार’ बनती ही दिख रही है।
ऐसा नहीं है कि कांग्रेस इस तथ्य से अनजान है, बावजूद इसके वो पूरी जान लगाए हुए है। ऐसा इसलिए क्योंकि, विपक्षी दलों को एकसाथ लाने से, अगर किसी को फायदा हो रहा है तो वो है कांग्रेस। एक ताजा सर्वे के मुताबिक, अगर विपक्ष एकजुट रहा, तो 2024 के चुनाव में कांग्रेस 66 से अधिक सीटें जीत सकती है।
यदि ऐसा हुआ तो, 2019 के आम चुनाव की तुलना में कांग्रेस को करीब 30% अधिक सीटों का फायदा होगा। ऐसा फायदा INDIA में शामिल किसी भी अन्य दल को होता हुआ नहीं दिख रहा। यानी विपक्ष की एकजुटता में राजनीतिक मुनाफा कांग्रेस का ज्यादा है। इसलिए पार्टी पुराने शिकवे भुला, दूसरे दलों को गले लगा रही है।

