नई दिल्ली। किंग खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जवान’ का फैंस को बेसब्री इंतजार है। रिलीज से पहले ही तमाम दावे किए जा रहे हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपर हिट साबित होगी। कुछ दिनों पहले शाहरुख ने ‘जवान’ के प्रीव्यू से तहलका मचा दिया था। अब इस फिल्म को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है जिसमें कहा जा रहा है कि जवान के एक गाने को बनाने के लिए पानी की तरह करोड़ों रुपये बहाए गए हैं। फिल्म का एक गाना ही इतना महंगा है कि इस बजट में तो एक धांसू फिल्म बन जाएगी।
जूम टीवी ने एक सोर्स के आधार पर अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि ‘जवान’ के गाने ‘जिंदा बंदा’ को अनिरुद्ध रविचंदर ने ना सिर्फ कंपोज किया है बल्कि अपनी आवाज भी दी है। इस गाने को चेन्नई में बड़े स्केल पर पांच दिनों तक शूट किया गया है, जिसके लिए हैदराबाद, बेंगलुरू, मदुरई और मुंबई जैसे शहरों से 1000 फीमेल डांसर्स को हायर किया गया था। इस गाने में एक हजार से ज्यादा लड़कियां शाहरुख खान के साथ थिरकती हुई नजर आएंगी।
बता दें फिल्म जवान में शाहरुख खान मुख्य भूमिका निभा रहे हैं साथ ही फिल्म को प्रोड्यूस भी कर रहे हैं। उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट के बैनर तले इस फिल्म को बनाया गया है। शाहरुख खान ने इस फिल्म में अपनी सारी ताकत झोंक दी है। सोर्स के मुताबिक ‘जिंदा बंदा’ गाने को सिल्वर स्क्रीन पर इम्प्रेसिव बनाने के लिए 15 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जो बॉलीवुड इंडस्ट्री के इतिहास में अब तक का सबसे महंगा गाना है।
शाहरुख खान की इस फिल्म में साउथ सिनेमा के जाने माने अभिनेता विजय सेतुपति विलेन के किरदार में जनर आएंगे। हाल ही में किंग खान ने सोशल मीडिया पर ‘जवान’ से विजय सेतुपति का फर्स्ट लुक शेयर किया था, जिसमें वह दमदार अंदाज में दिखे। वहीं नयनतारा, सान्या मल्होत्रा, प्रियामणि और रिद्धि डोगरा जैसी एक्ट्रेसेस भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। दीपिका पादुकोण ‘जवान’ में कैमियो करती नजर आएंगी, जिसकी झलक फिल्म प्रीव्यू में देखने को मिल चुकी है।

