![]()
गाज़ा के दक्षिणी हिस्से में एक खास ऑपरेशन के दौरान, हमास के प्रमुख याह्या सिनवार की मौत हो गई। इज़राइली सेना की 828 ब्रिगेड ने ताल अल-सुलतान इलाके में उनके शव को पाया। जार्प मीडिया की जानकारी के मुताबिक़, उनकी मौत की पुष्टि करने के लिए इज़राइली सैनिकों ने सिनवार की उंगलिया काटीं थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इज़राइली सैनिक जब सिनवार के ठिकाने पर पहुंचे, तो उन्हें एक शव मिला था। पहचान के लिए उन्होंने उस शव की उँगलियाँ काटीं, ताकि उनका DNA उस प्रोफाइल से मिलाकर चेक किया जा सके जो सिनवार के इसरायली जेल में बंद होने के दौरान लिए गए थे, बता दें कि याह्या सिनवार 20 साल इसरायली जेल में रहे थे और 2011 में एक प्रिजनर-स्वैप डील के तहत रिहा किए गए थे। इज़राइल के फॉरेंसिक मेडिसिन के प्रमुख डॉक्टर चेन कुगेल ने बताया, “हमने पहले उनकी पहचान उनके दांतों से करने की कोशिश की, लेकिन यह सही साबित नहीं हुआ।” इसके अलावा, उन्होंने कहा कि सिनवार की मौत गोली लगने से हुई थी, जबकि उनके शरीर पर और भी चोटें थीं। इस बीच, सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें इज़राइली सैनिक एक शव के पास खड़े हैं, जिसमें बाएं हाथ का अंगूठा काटा हुआ दिख रहा है। एक अन्य वीडियो में, सिनवार के चेहरे और खोपड़ी पर चोटें साफ नजर आ रही हैं। याह्या सिनवार ने 7 अक्टूबर 2023 को इज़राइल पर हमला करने की योजना बनाई थी, जिसमें 1,200 से ज्यादा लोग मारे गए थे। इस हमले के बाद, इज़राइल ने गाज़ा में एक साल तक ऑपरेशन चलाया, जिसमें 40,000 से अधिक लोग मारे गए।
सिनवार की मौत के बाद अब हमास एक नए नेता की खोज में है, जो गाज़ा के बाहर होगा। इस संदर्भ में, सिनवार के भाई मोहम्मद सिनवार को इस युद्ध का संचालन करने की बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
