देश

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल हुआ पास, बिल के समर्थन में पड़े 454 वोट, 2 लोगों ने किया विरोध

नई दिल्ली। दो तिहाई बहुमत से बुधवार को लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास हो गया। ​बिल के समर्थन में 454 वोट पड़े जबकि विरोध में सिर्फ 2 वोट पड़े। बिल का विरोध करने वाले ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहदुल मुस्लिमीन के सांसद हैं। एक खुद इस पार्टी के चीफ असदुद्दीन ओवैसी हैं जो कि हैदराबाद से सांसद हैं। जबकि दूसरे सांसद सैयद इम्तियाज जमील हैं जो महाराष्ट्र के औरंगाबाद से चुनकर आते हैं।

महिला आरक्षण बिल के लिए लोकसभा में पर्ची के जरिए मतदान कराया गया। बिल के पक्ष में 454 वोट पड़े, जबकि 2 वोट इसके खिलाफ पड़े। ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहदुल मुस्लिमीन के चीफ असदुद्दीन ओवैसी पहले से ही बिल के विरोध में हैं। उन्होंने कहा कि इसमें ओबीसी और मुस्लिम महिलाओं के लिए प्रावधान क्यों नहीं किया गया है। इनका प्रतिनिधित्व संसद में काफी कम है। ओवैसी ने कहा कि देश में सात फीसदी मुस्लिम महिलाएं हैं, लेकिन इस सदन में उनका प्रतिनिधित्व सिर्फ 0.7 फीसदी ही है।

ओवैसी ने यह भी कहा कि मुस्लिम लड़कियों का ड्रॉप आउट 19 फीसदी है, जबकि अन्य समुदाय में यह केवल 12 फीसदी है। वहीं, आधी मुस्लिम महिलाएं अशिक्षित हैं। ओवैसी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वे इस बिल का विरोध करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ये मुस्लिम और ओबीसी महिलाओं का प्रतिनिधित्व नहीं बढ़ाना चाहते हैं।