मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने शनिवार (16 अगस्त) को सोशल मीडिया पर एक ट्रोल को करारा जवाब दिया। ये मामला उनके स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं वाली पोस्ट से जुड़ा था। जावेद अख्तर ने लिखा था – “सभी भारतीय बहनों और भाइयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ। यह आज़ादी हमें थाली में परोसकर नहीं मिली। आज हमें उन शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना चाहिए जिन्होंने जेलें झेली और फांसी का सामना किया। हमें इस तोहफ़े को कभी खोने नहीं देना चाहिए।”
उनकी इस पोस्ट पर एक यूज़र ने तंज कसते हुए लिखा – “आपका हैप्पी इंडिपेंडेंस तो 14 अगस्त है।” (यानि पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस) इस पर जावेद अख्तर ने गुस्से में जवाब दिया – “बेटा, जब तुम्हारे बाप-दादा अंग्रेज़ों के जूते चाट रहे थे, तब मेरे बुज़ुर्ग देश की आज़ादी के लिए कालापानी में मर रहे थे। अपनी औक़ात में रहो।”
फिर एक और ट्रोल ने उन्हें “गद्दार” कह दिया। इस पर अख्तर बोले – “गद्दार वो हैं जो ‘नॉन-कोऑपरेशन’ और ‘क्विट इंडिया मूवमेंट’ के खिलाफ थे। गद्दार वो हैं जिन्होंने अंग्रेज़ों की मदद की। गद्दार वो हैं जो संविधान और तिरंगे के खिलाफ थे। ज़रा पता करो कौन थे और अपनी जहालत (अज्ञानता) कम करो।”
ये पहली बार नहीं है जब जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया पर ट्रोल्स को जवाब दिया हो। वह अपने बेबाक स्वभाव के लिए जाने जाते हैं और अक्सर राजनीति व समाज से जुड़े मुद्दों पर खुलकर राय रखते हैं।

