शनिवार सुबह इसराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इस हमले की कड़ी निंदा की।
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, “ईरान के खिलाफ इसराइल की हालिया आक्रामकता से मैं बहुत चिंतित हूं। यह कार्रवाई न केवल क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा है, बल्कि यह संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का भी उल्लंघन है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए, पाकिस्तान ईरान और अन्य पड़ोसी देशों के साथ शांति के लिए खड़ा है। मैं सभी पक्षों से अनुरोध करता हूं कि वे तनाव को बढ़ाने से बचें और संयम के साथ काम करें।”
बता दें की, शनिवार की सुबह इजरायल ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर जोरदार मिसाइल हमले किए हैं। इस हमले की आवाजें ईरान की राजधानी तेहरान तक सुनाई दी हैं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इजरायली सेना (आईडीएफ) ने इस हमले के पीछे के कारणों का खुलासा करते हुए कहा कि हाल के दिनों में ईरान और उनके समर्थक समूहों ने इजरायल पर कई बार हमले किए हैं। और यह उनका प्रतिशोध है, और वे अपने देश की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे।
इस ताजा हमले से ये सवाल उठते हैं कि क्या मध्य पूर्व में स्थिति और भी तनावपूर्ण हो जाएगी। इजरायल और ईरान के बीच यह संघर्ष न केवल दोनों देशों के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। अब देखना यह है कि इस हमले का आगे क्या प्रभाव पड़ता है।

