देशराजनीति

विपक्षी गठबंधन INDIA का डेलिगेशन कल जाएगा मणिपुर, 16 पार्टियां के 21 सांसद करेंगे राहत शिविरों का दौरा

नई दिल्ली। पिछले 2 महीने से पूर्वोत्तर का राज्य मणिपुर हिंसा की आग में जल रहा है। मणिपुर की हिंसा को लेकर सड़क से लेकर संसद तक बवाल मचा हुआ है। मणिपुर को मुद्दा बना कर विपक्षी दल, संसद के दोनों सदनों राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही को चलने नहीं दे रहे हैं। अब विपक्षी दलों के महागठबंधन इंडिया (INDIA) का एक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर का दौरा करेगा।

कांग्रेस सांसद सैयद नासीर हुसैन ने बताया कि 29 और 30 जुलाई को विपक्षी दलों के महागठबंधन का एक प्रतिनिधिमंडल हिंसा प्रभावित राहत शिविरों में जाएगा और वहां का जायजा लेगा और पीड़ितों से बातचीत करेगा। इसमें 16 पार्टियों के 21 सांसद शामिल होंगे। सैयद ने कहा कि हम मणिपुर की जनता को बताना चाहते हैं कि हम उनके साथ हैं। हम उस क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए अपनी क्षमता में सब कुछ करेंगे। 30 जुलाई को सुबह 10 बजे इंडिया गठबंधन के सांसद राज्यपाल से भी मुलाकात करेंगे।

इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस की तरफ से अधीर रंजन चौधरी, गौरव गोगोई, के सुरेश और फूलो देवी नेतम, जेडीयू की तरफ से अनिल प्रसाद हेगड़े और राजीव रंजन, टीएमसी से सुष्मिता देव, डीएमके से कनिमोझी करुणानिधि, सीपीआई से सन्दोश कुमार पी, सीपीआई(एम) से एए रहीम, एनसीपी से पीपी मोहम्मद फैजल, आईयूएमएल से ईटी मोहम्मद बशीर, आरएसपी से एनके प्रेमचंद्रन, आप से सुशील गुप्ता, शिवसेना से अरविंद सावंत, वीसीके से डी रविकुमार और थिरु थोल थिरुमावलवन, आरएलडी से जयंत सिंह, सपा से जावेद अली खान और जेएमएम से महुआ माजी शामिल हैं।

बता दें सोशल मीडिया पर मॉनसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए मणिपुर के वीडियो की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को भी इस बारे में जानकारी दी है। मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारियां वीडियो वायरल होने के दूसरे दिन से ही शुरू हो गई थी। मामले में अब तक कुल 6 एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है।