नई दिल्ली। सीमा हैदर, जो अपने 4 बच्चों के साथ पाकिस्तान की सरहद पार कर हिंदुस्तान अपने प्रेमी सचिन मीणा के पास आ गईं। इन दिनों दोनों की प्रेम कहानी भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में चर्चा का विषय बनी हुई है। सीमा के हिंदुस्तान आने के बाद उनके पहले पति गुलाम हैदर का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह मोदी सरकार से उनकी पत्नी सीमा को वापस पाकिस्तान भेजने की विनती कर रहे थे।
अब सीमा के पति गुलाम हैदर ने एक इंटरव्यू में अपनी दर्द भरी दास्तां सुनाई है। इस इंटरव्यू में हैदर ने बताया कि वह 2019 से सऊदी अरब में हैं। पहले पाकिस्तान में वह रिक्शा चलाया करते थे लेकिन जब इससे गरीबी दूर नहीं हुई तब उन्होंने सऊदी आने का फैसला लिया। यहां वह मजदूरी करके पैसे कमाते और उन पैसों को सीमा को भेज दिया करते थे।
हैदर ने बताया कि पहले वह 45 हजार से 50 हजार रुपये महीने का भेजा करते थे। बाद में उनकी कमाई अच्छी हुई तो फिर उन्होंने सीमा को 80 हजार रुपये हर महीना भेजना शुरू कर दिया। हैदर द्वारा भेजे गए पैसों को जमा कर सीमा ने 13.5 लाख रुपये का घर भी कराची में खरीदा। इसी घर को बेचकर सीमा, सचिन के पास आई हैं। इस घर में परिवार शिफ्ट नहीं हुआ था। सीमा ने हैदर से कहा था कि वो घर सजाएगी, ठीक से मरम्मत कराएगी तभी यहां आएगी।
जबकि सीमा ने अपने पति गुलाम हैदर को लेकर कहा कि मेरे पति इतने अच्छे नहीं थे, जितने अच्छे बन रहे हैं। आप लोग उनकी बात पर ध्यान न दें। पाकिस्तान में मैं जहां रहती थी, उस मोहल्ले के लोग बता सकते हैं कि कई बार गुलाम ने मेरे चेहरे पर मिर्च फेंकी है।
सीमा ने बताया था कि मेरे पापा ने हैदर से शादी कर दी लेकिन मेरे मामा इस शादी के लिए राजी नहीं थे। कोई भी राजी नहीं था। उसके बाद पहला बच्चा 15 साल की उम्र में हुआ था। दूसरी बेटी हुई। उसके बाद तीसरी और फिर मुन्नी के जन्म से पहले 2019 में गुलाम हैदर सऊदी चले गए और अब तक वहीं हैं।

