नई दिल्ली। शुक्रवार, 29 सितंबर को पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक मस्जिद के पास बम धमाका हुआ। न्यूज वेबसाइट डॉन के अनुसार, इस धमाके में एक पुलिस अधिकारी समेत 52 लोग मारे गए हैं और करीब 130 लोग घायल हैं। ये हादसा उस समय हुआ, जब लोग पैगंबर मुहम्मद साहब के जन्मदिन के मौके पर ईद मिलाद उन-नबी के आयोजन में लोग जुटे थे।
Geo News की रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट मस्तुंग जिले में मदीना मस्जिद के पास हुआ। जान गंवाने वालों में मस्तुंग के पुलिस उपाधीक्षक नवाज गशकोरी भी शामिल हैं, जो रैली के लिए ड्यूटी पर थे। धमाके का असर अधिक लोगों पर हुआ है क्योंकि मौके पर भीड़ ज्यादा थी।
रिपोर्ट के मुताबिक सिटी स्टेशन हाउस ऑफिसर मोहम्मद जावेद लेहरी ने कहा कि यह एक “आत्मघाती धमाका” था और हमलावर ने DSP की कार के बगल में खुद को उड़ा लिया। घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया और अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है।
बलूचिस्तान के अंतरिम सूचना मंत्री जान अचकजई ने कहा कि बचाव दल को मस्तुंग भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को क्वेटा स्थानांतरित किया जा रहा है। दुश्मन विदेशी मदद से बलूचिस्तान में धार्मिक सहिष्णुता और शांति को खत्म करना चाहता है। यह धमाका असहनीय है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री अली मर्दन डोमकी ने अधिकारियों को विस्फोट के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।

