-
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर प्रेग्नेंसी की गुड न्यूज दी।
-
कपल ने इंस्टाग्राम पर वीडियो और फोटो के जरिए खुशखबरी साझा की।
-
कपिल शर्मा के शो में राघव ने दिया था फैमिली प्लानिंग को लेकर हिंट।
बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा जल्द ही पैरेंट्स बनने वाले हैं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर प्रेग्नेंसी की आधिकारिक घोषणा करते हुए फैन्स और दोस्तों के साथ यह खुशखबरी साझा की।
कपल ने इंस्टाग्राम पर एक जॉइंट पोस्ट शेयर किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा– “हमारी छोटी सी दुनिया… आने को है। असीम कृपा है।” इसके साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की गई जिसमें केक पर नन्हें बच्चे के पैर बने हैं और उस पर लिखा है– “1+1=3”। वहीं वीडियो में परिणीति और राघव हाथों में हाथ डाले चलते हुए नजर आ रहे हैं।
सेलेब्स और फैन्स ने दी बधाई
इस पोस्ट पर बॉलीवुड के कई सितारों ने कपल को शुभकामनाएं दीं। नेहा धूपिया, सोनम कपूर, भूमि पेडनेकर और रकुल प्रीत सिंह समेत कई सेलेब्स ने कमेंट कर दोनों को बधाई दी। वहीं, फैन्स ने भी पोस्ट पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कपल के लिए प्यार और शुभकामनाएं भेजीं।
कपिल शर्मा शो में दिया था हिंट
गौरतलब है कि हाल ही में परिणीति और राघव ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ में नजर आए थे। शो के दौरान कपिल शर्मा ने जब कपल से फैमिली प्लानिंग को लेकर सवाल किया, तो राघव चड्ढा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था– “देंगे… हम जल्दी गुड न्यूज देंगे आपको।” इस जवाब को सुनकर परिणीति हैरान रह गई थीं और मजाकिया अंदाज में उनकी ओर देखने लगी थीं। इसके बाद से ही कपल की प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं, जिसे अब दोनों ने आधिकारिक तौर पर कन्फर्म कर दिया है।

