देशबिजनेस

नीता अंबानी ने रिलायंस बोर्ड से दिया इस्तीफा, जानिए अब बोर्ड में कौन होगा शामिल

नई दिल्ली। नीता अंबानी ने 28 अगस्त को रिलायंस बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि वह रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन बनी रहेंगी। अब अंबानी परिवार की नई पीढ़ी आकाश, ईशा और अनंत को बोर्ड में नियुक्त किया जाएगा। नीता अंबानी के इस्तीफे को लेकर कंपनी ने कहा कि नीता अंबानी अपना ज्यादा समय रिलायंस फाउंडेशन को दे रही हैं, इस कारण वे रिलायंस इंडस्ट्रीज बोर्ड से इस्तीफा दे रही हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि ईशा अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी को बोर्ड में निदेशक नियुक्त किया जाएगा। RIL के निदेशक मंडल ने सोमवार को अपनी बैठक में HR, नॉमिनेशन और पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर विचार किया और कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशकों के रूप में ईशा अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी की नियुक्ति की मंजूरी के लिए शेयरहोल्डर्स से सिफारिश की गई। शेयरहोल्डर्स की अनुमति के बाद ही तीनों को बोर्ड में शामिल किया जाएगा।

कंपनी द्वारा दिए गए बयान में बताया गया कि वे नीता अंबानी के इस्तीफे का सम्मान करते हैं। बयान के मुताबिक, नीता अंबानी अब रिलायंस फाउंडेशन को मार्गदर्शन और सक्षम बनाने के लिए चेयरपर्सन के तौर पर काम करेंगी। वह सभी रिलायंस बोर्ड की मीटिंग में शामिल होती हैं। बोर्ड की तरफ से वह हमेशा आमंत्रित हैं।

ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल वेंचर लिमिटेड, रिलायंस जियो और रिलायंस फाउंडेशन (RF), रिलायंस फाउंडेशन इंस्टीट्यूशन ऑफ एजुकेशन एंड रिसर्च और धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल में बोर्ड के सदस्य के रूप में कार्यकारी नेतृत्व टीमों का हिस्सा हैं। आकाश अंबानी रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड (RJIL) के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। अनंत अंबानी Jio प्लेटफ़ॉर्म लिमिटेड, रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड व रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी लिमिटेड के बोर्ड में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।