- ईरान पर इजरायल ने मिसाइल हमला किया, तेहरान में धमाकों की आवाज सुनाई दी।
- आईडीएफ ने इसे ईरान के हमलों का प्रतिशोध बताया।
- इजरायल ने 100 से अधिक लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया।
नई दिल्ली: शनिवार की सुबह इजरायल ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर जोरदार मिसाइल हमले किए हैं। इस हमले की आवाजें ईरान की राजधानी तेहरान तक सुनाई दी हैं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इजरायली सेना (आईडीएफ) ने इस हमले के पीछे के कारणों का खुलासा करते हुए कहा कि हाल के दिनों में ईरान और उनके समर्थक समूहों ने इजरायल पर कई बार हमले किए हैं। आईडीएफ का कहना है कि यह उनका प्रतिशोध है, और वे अपने देश की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे। इस हमले में इजरायल ने एक साथ कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं, जो ईरान के उन ठिकानों पर निशाना साध रही हैं, जहां से ईरान इजरायल पर हमले करता आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इजरायल का उद्देश्य ईरान की वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट करना है।

जानकारी के अनुसार, इस हमले के लिए इजरायल ने 100 से अधिक लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया। आईडीएफ ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐसे हमले भविष्य में भी जारी रहेंगे। हाल ही में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के घर पर भी एक ड्रोन हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी हिजबुल्लाह ने ली थी। इस पर नेतन्याहू ने कड़ी चेतावनी दी थी कि हमलावरों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आपको बता दें कि ईरान, हिजबुल्लाह, हूती और हमास जैसे आतंकी संगठनों का समर्थन करता रहा है, जो इजरायल के खिलाफ लगातार गतिविधियों में शामिल हैं। इस ताजा हमले से ये सवाल उठते हैं कि क्या मध्य पूर्व में स्थिति और भी तनावपूर्ण हो जाएगी।
इजरायल और ईरान के बीच यह संघर्ष न केवल दोनों देशों के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। अब देखना यह है कि इस हमले का आगे क्या प्रभाव पड़ता है।

