ट्रें​डिंगमनोरंजन

200 करोड़ के करीब पहुँची रजनीकांत की ‘कुली’, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास

  • सिर्फ चार दिन में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई 194.25 करोड़ रुपये तक पहुँची।
  • विदेशी बाजारों में तीन दिन में 16 मिलियन डॉलर (लगभग 133 करोड़ रुपये) की कमाई।
  • ‘वॉर 2’ से कड़ी टक्कर के बावजूद ‘कुली’ ने बढ़त बनाई।

साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ टिकट काउंटरों पर लगातार धमाल मचा रही है। लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर ने रिलीज के महज तीन दिनों में भारत में 158.35 करोड़ रुपये कमा लिए। हालांकि, रविवार 17 अगस्त को फिल्म की कमाई में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने चौथे दिन रात 10 बजे तक 35 करोड़ रुपये कमाकर कुल घरेलू कमाई 194.25 करोड़ रुपये तक पहुँचा दी। अब चर्चा इस बात की है कि क्या आने वाले दिनों में यह फिल्म अपनी रफ्तार बनाए रख पाएगी और जल्द ही 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करलेगी।

विदेशों में भी ‘कुली’ का दबदबा

सैकनिल्क के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, ‘कुली’ ने विदेशी बाजारों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। सिर्फ तीन दिनों में फिल्म ने 16 मिलियन डॉलर (करीब 133 करोड़ रुपये) की कमाई की। इसके साथ ही वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ‘कुली’ ने 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। अब फिल्म की नजर 500 करोड़ क्लब पर है। अगर सोमवार को भारी गिरावट नहीं होती, तो यह मील का पत्थर जल्द ही हासिल किया जा सकता है।

‘वॉर 2’ से कड़ी टक्कर

दिलचस्प बात यह है कि ‘कुली’ और ऋतिक रोशन-जूनियर एनटीआर अभिनीत ‘वॉर 2’ एक ही दिन रिलीज हुईं। भारत में ‘वॉर 2’ को ज्यादा स्क्रीन्स मिलने का फायदा जरूर मिला, लेकिन कमाई के मामले में वह ‘कुली’ से पीछे रह गई। जहां ‘कुली’ 200 करोड़ के करीब पहुँच चुकी है, वहीं ‘वॉर 2’ की कमाई 170 करोड़ रुपये रही। विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी अंतर साफ नजर आया — ‘कुली’ ने 1.6 करोड़ डॉलर, जबकि ‘वॉर 2’ सिर्फ 50 लाख डॉलर तक सीमित रही।

नया रिकॉर्ड और खास मौके पर रिलीज

‘कुली’ ने तमिल सिनेमा में नया इतिहास रचा है। सैकनिल्क के अनुसार, यह पहली तमिल फिल्म बन गई है जिसने रिलीज के पहले ही दिन दुनियाभर में 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। खास बात यह भी है कि फिल्म रजनीकांत के सिनेमा में 50 साल पूरे होने के मौके पर रिलीज हुई। सेंसर बोर्ड ने इसे ए सर्टिफिकेट प्रदान किया है।