ट्रें​डिंगदेश

श्रीनगर की डल झील में लगी भीषण आग, हाउसबोट जलकर खाक, करोड़ों का नुकसान

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के श्रीनगर की डल झील में कल रात भीषण आग लगने से किनारे पर खड़ी हाउसबोट जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा रहा है। अब तक मिली रिपोर्टों के अनुसार इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार, इस घटना में करोड़ों रुपए की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार आग के कारण कम से कम आधा दर्जन हाउसबोट खाक हो गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर की डल झील में हाउसबोट में आग लगने की घटनाएं कई बार सामने आ चुकी हैं। इससे पहले जुलाई में यहां पर एक हाउसबोट में भीषण आग लग गई थी। जिसमें भारी नुकसान हुआ था।

इसके अलावा पिछले साल भी विश्व प्रसिद्ध डल झील में दो लग्जरी हाउसबोट में आग लगी थी। आपको बता दें कि श्रीनगर की डल झील में हाउसबोट का आनंद लेने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। ये जगह हाउसबोट के लिए भारत में बहुत फेमस है, जो पर्यटकों को आकर्षित करती है।